बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक शादी फेरों से ठीक पहले टूट गई। आरोप है कि दूल्हा पक्ष ने ब्रेजा कार और 20 लाख रुपये नकद की मांग रखी। लड़की पक्ष द्वारा असमर्थता जताने पर विवाद बढ़ गया और बारात बिना शादी के ही लौट गई। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने दूल्हा, उसके पिता और जीजा को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सदर बाजार निवासी मुरली मनोहर की बेटी ज्योति की शादी नई बस्ती, थाना प्रेमनगर निवासी ऋषभ से तय हुई थी। करीब आठ माह पहले रिश्ता तय होने के बाद मई में शहर के एक होटल में सगाई कराई गई थी, जिस पर लड़की पक्ष ने लाखों रुपये खर्च किए। आरोप है कि सगाई के दौरान दूल्हे को सोने की अंगूठी, चेन और नकद राशि भी दी गई थी।
गुरुवार को लड़की पक्ष लग्न लेकर पहुंचा, जिसमें घरेलू सामान और शगुन की रकम दी गई। शुक्रवार देर रात सदर बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में बारात पहुंची और धूमधाम से स्वागत हुआ। शादी की रस्में चल रही थीं, तभी फेरों से पहले दूल्हा पक्ष ने 20 लाख रुपये नकद और ब्रेजा कार की मांग रख दी। कार न देने की बात कहने पर उसकी कीमत नकद देने का दबाव बनाया गया, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी और हंगामा हो गया।
इसी दौरान शादी टूटने को लेकर अलग-अलग चर्चाएं भी सामने आईं। कुछ लोगों का कहना है कि दूल्हे की शारीरिक बनावट को लेकर आपत्ति जताई गई, जबकि दूल्हा पक्ष ने इन बातों को निराधार बताया। लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय कराने वाले व्यक्ति ने भी उन्हें सही जानकारी नहीं दी।
लड़की पक्ष का कहना है कि शादी की तैयारियों और रस्मों में करीब 15 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की बात कही है।




