बरेली। आंवला-अलीगंज मार्ग पर शुक्रवार को बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। और सूचना पाते ही परिजन अस्पताल पहुंचने लगे।
जानकारी के अनुसार, आंवला और अलीगंज क्षेत्र के चार छात्र अलग-अलग बाइकों से अलग अलग दिशाओं में परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे। लोहारी पुल के पास दोनों मोटरसाइकिलें अनियंत्रित होकर टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों छात्र सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो छात्रों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान 17 वर्षीय आमीन ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन छात्रों का इलाज जारी है।
थाना बिशारतगंज इंस्पेक्टर ने सतीश कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की दो बाइकें टकराने से चार छात्र घायल हुए थे । इसमें एक छात्र की मौत भी हो गई । दोनों बाइक पर सवार छात्र अलग दिशाओं में परीक्षा देने जा रहे थे।



