इंटरनेट पर बरेली की बेटी का जलवा, गूगल-स्पॉटिफाई पर करोड़ों बार खोजी जा रहीं सिंगर वर्षा सिंह

SHARE:

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली की बेटी वर्षा सिंह आज इंटरनेट की दुनिया में तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। कभी स्कूल और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गाने वाली वर्षा की आवाज अब दुनिया के 174 देशों तक पहुंच चुकी है। गूगल और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर उन्हें लाखों-करोड़ों लोग सर्च कर रहे हैं और उनके गानों को सुन रहे हैं।

 

वीर सावरकर नगर की रहने वाली वर्षा सिंह इस समय मुंबई में रहकर संगीत की दुनिया में अपना मुकाम बना रही हैं। सोलो एल्बम, फिल्मों और देश-विदेश में स्टेज परफॉर्मेंस के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी गायकी में रूहानियत और अलग अंदाज की वजह से कई संगीत प्रेमी उनकी तुलना कई बड़े सिंगरों से करने लगे है।

 

फोटो में सिंगर वर्षा सिंह

 

स्पॉटिफाई पर भी बड़ी लोकप्रियता

म्यूजिक ऐप स्पॉटिफाई पर भी वर्षा सिंह की अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार उनके गानों को 53 लाख से ज्यादा लोग सुन चुके हैं, जबकि कुल स्ट्रीमिंग 1.89 करोड़ से अधिक बार हो चुकी है। श्रोताओं ने उनके संगीत को सैकड़ों घंटे तक सुना है। यही वजह है कि इंटरनेट और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर उनका नाम तेजी से चर्चा में है।

रियलिटी शो से मिला बड़ा मंच
वर्षा सिंह को रियलिटी शो इंडियन आइडल से अपने करियर को नई दिशा मिली, लेकिन असली पहचान उन्हें टीवी शो ‘द वॉइस इंडिया’ से मिली। इसके बाद उन्हें फिल्मी दुनिया में भी काम करने का मौका मिला। ‘1869’ नाम की एक शॉर्ट फिल्म में उन्होंने ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन को अपने अंदाज में गाया, जिसे काफी सराहना मिली।

वर्षा कई म्यूजिक एल्बम और बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में गाने के साथ-साथ देश और विदेश में लाइव स्टेज शो भी करती रहती हैं। यूट्यूब पर रियाज टीवी और कवर टीवी जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

मां ने दी संगीत की पहली सीख
वर्षा के संगीत सफर की शुरुआत घर से ही हुई। उनकी मां उन्हें बचपन में रियाज कराया करती थीं और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती थीं। हालांकि उनके पिता चाहते थे कि वर्षा डॉक्टर बनें, लेकिन संगीत के प्रति उनका जुनून इतना मजबूत था कि उन्होंने इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाया।

चार बहनों में सबसे छोटी वर्षा की सफलता में उनके पति गुरु धनोआ का भी बड़ा योगदान माना जाता है। गुरु स्वयं संगीतकार हैं और इंडस्ट्री में वर्षा के सबसे बड़े सहयोगी माने जाते हैं।
वर्षा की सात साल की एक बेटी भी है, जो अपनी मां की तरह सिंगर बनने का सपना देखती है।

बहनों ने साझा की बचपन की यादें

वर्षा सिंह की बहन शिखा बताती हैं,
“हमारी और वर्षा की उम्र में ज्यादा अंतर नहीं है। उसे बचपन से ही सिंगिंग का बहुत शौक था। मुझे आज भी याद है, जब वह सिर्फ 3 साल की थी तो उसने बहुत ही सुर में गाया था। उसका पहला सॉन्ग था – ‘सारी रात तेरी याद आती रही।’ वर्षा की एक खास बात यह भी है कि जितनी अच्छी उसकी सिंगिंग है, उतना ही अच्छा उसका डांस भी है।”

वर्षा की बड़ी बहन अपर्णा सिंह कहती हैं,
“आज वर्षा सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर मौजूद है। आप जहां भी सर्च करेंगे, वहां वर्षा मिल जाएगी। उसका संघर्ष जरूर रहा, लेकिन मां से मिले सपोर्ट ने उसे हमेशा आगे बढ़ाया। दुर्भाग्य से जैसे ही वर्षा ने सफलता पाना शुरू किया, उसी दौरान मां का निधन हो गया। मां एक प्राइमरी टीचर थीं और उन्होंने ही वर्षा को सबसे ज्यादा हौसला दिया।”

वहीं उनकी एक और बहन अनुशी सिंह बताती हैं,
“वर्षा की पहली सिंगिंग गुरु हमारी मां ही थीं। इसके बाद उसने आलोक बनर्जी सर से सिंगिंग की शिक्षा ली। फिलहाल बनर्जी सर भी इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उनकी दी हुई सीख आज भी वर्षा के साथ है।”

सादगी भरा जीवन
संगीत की दुनिया में पहचान बनाने के बावजूद वर्षा अपनी सादगी के लिए भी जानी जाती हैं। उन्हें घर का बना खाना बेहद पसंद है। खासतौर पर मेथी का साग, गोभी और मूली के पराठे उनके पसंदीदा व्यंजन हैं।

फोटो क्रेडिट :परिजन

इंटरनेट और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर लगातार बढ़ती लोकप्रियता के साथ बरेली की यह बेटी आज नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही है। उनकी आवाज अब सिर्फ एक शहर या देश तक सीमित नहीं रही, बल्कि दुनिया के कई देशों में संगीत प्रेमियों तक पहुंच रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज
error: Content is protected !!