बरेली के बाल साहित्यकार गुडविन मसीह को राष्ट्रीय सम्मान, ‘पंखुड़ी’ कहानी को मिला पुरस्कार

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बाल साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय साहित्यकार गुडविन मसीह को उनकी बाल कहानी ‘पंखुड़ी’

के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद स्थित डीडीहाट में आयोजित राष्ट्रीय बाल साहित्य संगोष्ठी के दौरान ‘गंगा अधिकारी स्मृति पुरस्कार’ प्रदान किया गया।

फोटों सोर्स । न्यूज वोक्स

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) डीडीहाट और बालसाहित्य संस्थान अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 18 राज्यों से 100 से अधिक बाल साहित्यकारों ने भाग लिया। संगोष्ठी में बाल कहानी, कविता, लेख, संस्मरण और बाल साहित्य की वर्तमान चुनौतियों समेत विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान दुर्लभ बाल पत्रिकाओं तथा बच्चों द्वारा तैयार हस्तलिखित पत्रिकाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने प्रतिभागियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। वहीं सोशल मीडिया के प्रभाव, बच्चों की पढ़ने की आदतों और बाल साहित्य में वैज्ञानिक सोच के महत्व पर भी विचार-विमर्श हुआ।

समापन समारोह में आयोजित अखिल भारतीय बाल कहानी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में गुडविन मसीह को उनकी कहानी ‘पंखुड़ी’ के लिए गंगा अधिकारी स्मृति पुरस्कार से नवाजा गया। सम्मान स्वरूप उन्हें स्मृति चिन्ह, ट्रॉफी, शॉल और नकद राशि प्रदान की गई।

गुडविन मसीह लंबे समय से बाल साहित्य सृजन से जुड़े हैं। वे बच्चों के लिए कहानियां, बाल गीत, कविताएं, लेख, संस्मरण और बाल नाटकों का लेखन करते रहे हैं। यह उनके साहित्यिक जीवन का 16वां राष्ट्रीय सम्मान है, जो बाल साहित्य के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को रेखांकित करता है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज