बरेली में बारिश के बाद सड़कों पर पानी, जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बुधवार को हुई बारिश ने शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या पैदा कर दी। कुछ ही घंटों की बारिश के बाद दरगाह आला हजरत मोड़, मलूकपुर बजरिया, सौदागरान और बमनपुरी सहित कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं। जलभराव के चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई, वहीं दुकानदारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दुकानों के सामने पानी जमा होने से व्यापार प्रभावित होने की बात स्थानीय लोगों ने कही।

टक्कर की पुलिया पर निकासी व्यवस्था का दबाव

स्थानीय नागरिकों के अनुसार मलूकपुर बजरिया, सौदागरान और आसपास के मोहल्लों का बारिश का पानी टक्कर की पुलिया के रास्ते निकलता है। पुलिया का रास्ता अपेक्षाकृत संकरा होने के कारण तेज बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित हो जाती है। पानी का दबाव बढ़ने पर नालों का पानी वापस आने लगता है, जिससे आसपास की सड़कें और गलियां जलमग्न हो जाती हैं।

सोर्स। पम्मी वारसी

लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान यह समस्या नई नहीं है। बारिश तेज होते ही कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनने लगती है। इससे पैदल चलने वालों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती है।

ड्रेनेज सिस्टम का सर्वे कराने की मांग

जलभराव की समस्या को देखते हुए जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खाँ वारसी ने नगर निगम से स्थायी समाधान की दिशा में काम करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि टक्कर की पुलिया इलाके की जल निकासी के लिए महत्वपूर्ण है और इसकी क्षमता बढ़ाने पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से पूरे क्षेत्र के ड्रेनेज सिस्टम का तकनीकी सर्वे कराने की मांग की है। साथ ही पुलिया की मौजूदा स्थिति और पानी की निकासी क्षमता का आकलन कर आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण कराने की बात कही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी सुधार होने पर ही हर बारिश में होने वाले जलभराव से राहत मिल सकेगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment