बरेली में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026: विश्वविद्यालय, बीडीए और कृषि विभाग ने हरित अभियान को दी नई गति

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यव्यापी “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रविवार को बरेली जिले में विभिन्न सरकारी संस्थानों और विभागों ने बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में हजारों पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय में अभियान की शुरुआत कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने पौधारोपण कर की। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
उधर, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अपनी विभिन्न आवासीय योजनाओं और विकास परियोजनाओं में 7,300 पौधों का रोपण कराया।

 

सेक्टर-08 स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बिथरी चैनपुर विधायक राघवेन्द्र शर्मा, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह और बीडीए अधिकारियों ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।

कृषि विभाग ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। विभागीय कर्मचारियों ने अर्जुन, अमरूद, शीशम, यूकेलिप्टस समेत विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधे लगाए। वहीं शेरगढ़ विकासखंड के ग्राम भदरक में मियावाकी पद्धति के माध्यम से ग्राम पंचायत की भूमि पर 1,100 पौधों का रोपण कराया गया। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने मिलकर पौधारोपण किया।

अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल, जैव विविधता के संरक्षण और जिले को अधिक हरित बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। प्रशासन और संबंधित संस्थानों ने भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण संरक्षण अभियानों को जनभागीदारी के साथ लगातार जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज