बरेली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के पहले दिन जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। प्रशासन के अनुसार सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और परीक्षा नकलविहीन माहौल में कराई गई। पहली पाली में 7,549 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6,603 तथा दूसरी पाली में 7,550 में से 6,655 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

इस तरह कुल 15,099 अभ्यर्थियों में से 13,258 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,841 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एसपी सिटी मानुष पारीक और एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा देकर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित और आधुनिक पैटर्न पर आधारित बताया।
इसी बीच कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि बदायूं रोड पर एक राजनीतिक रैली के कारण लगे भारी जाम की वजह से वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके। उनका कहना है कि वे निर्धारित समय से पहले घर से निकले थे, लेकिन यातायात बाधित होने के कारण मनोहर भूषण इंटर कॉलेज, नैनीताल रोड स्थित केंद्र पर करीब दो मिनट की देरी से पहुंचे। प्रवेश समय समाप्त होने के कारण उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली।
प्रभावित अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोबारा परीक्षा कराने या वैकल्पिक अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि देरी उनकी लापरवाही नहीं, बल्कि असामान्य ट्रैफिक जाम के कारण हुई। वहीं एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि निर्धारित समय के बाद प्रवेश देना संभव नहीं था, क्योंकि बायोमेट्रिक सत्यापन सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी थीं। उन्होंने अभ्यर्थियों से भविष्य में संभावित यातायात व्यवधान को ध्यान में रखते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की।




