बरेली । ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को बहेड़ी नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। नगर के विभिन्न इलाकों में घरों, मस्जिदों और धार्मिक स्थलों को आकर्षक रोशनी व सजावट से सजाया गया था। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और प्रतिभागियों को मुबारकबाद दी।

जुलूस की शुरुआत नैनीताल रोड स्थित शिमला जनरल स्टोर से हुई। इसके बाद जुलूस कोतवाली पुराना रोड, बेज ट्रक यूनियन, पंजाबी कॉलोनी, होली चौराहा, मोहल्ला गोदाम और माथुर रोड से होकर गुजरा। निर्धारित मार्ग से होते हुए जुलूस वापस शिमला जनरल स्टोर पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। इस दौरान लोगों ने धार्मिक नारों के साथ ईद मिलादुन्नबी की खुशी का इजहार किया।

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर नगर की विभिन्न मस्जिदों में मीलाद-ए-पाक की महफिलें भी आयोजित की गईं। बाजार वाली मस्जिद में कारी अतीक रजा, मोती मस्जिद में हाफिज अनवार अहमद कादरी और पंजाबी कॉलोनी की कादरी मस्जिद में मौलाना मुख्तार अहमद ने लोगों को संबोधित किया। उलेमा ने पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की सीरत और उनके संदेशों पर प्रकाश डाला। लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई।
महफिल और फातिहा के बाद लोगों ने जोहर की नमाज अदा की। त्योहार के मद्देनजर नमाज का समय दोपहर तीन बजे निर्धारित किया गया था। नमाज के बाद देश में अमन, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई।
जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा, सीओ अरुण कुमार और कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा समेत पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने जुलूस के पूरे मार्ग पर निगरानी रखी और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बहेड़ी नगर रोशनी और सजावट से जगमगाता नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को त्योहार की मुबारकबाद दी और सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजन संपन्न हुआ।



