बरेली।
पुलिस के मुताबिक 27 अगस्त को सुभाषनगर निवासी ऑटो चालक सग्गन के साथ तीन युवकों ने मारपीट की थी। आरोपियों ने चालक को रास्ते में घेरकर उसका ऑटो लूट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद भोजीपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक कुँवर बहादुर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने शनिवार तड़के सेमीखेड़ा-बरौर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध युवकों की घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न, दोनों निवासी सेमीखेड़ा, थाना देवरनिया को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटा गया ऑटो रिक्शा यूपी 25 जेटी 0829 बरामद किया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने साथी शिवम उर्फ डब्बीलाल के साथ मिलकर ऑटो लूटने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार तीनों ने सिटी स्टेशन से जादौपुर जाने के लिए ऑटो बुक किया था। सुनसान रास्ते पर पहुंचने के बाद चालक पर हमला कर उसे नीचे गिरा दिया और ऑटो लेकर फरार हो गए। लूटे गए ऑटो को छिपाकर रखा गया था। शनिवार को उसे दूसरी जगह ले जाने की कोशिश के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बरामद तमंचे और कारतूस के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि फरार शिवम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।



