बरेली।आगामी 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में बरेली की बैंक शाखाओं में कर्मचारियों ने बैज लगाकर कार्य किया और अपनी मांगों को स्पष्ट रूप से सामने रखा। बैज के माध्यम से कर्मचारियों ने श्रम अधिकारों, रोजगार सुरक्षा और निजीकरण के विरोध में अपना संदेश दिया।
बैंक कर्मचारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में श्रम अधिकारों पर हो रहे हमलों को रोका जाना, जॉब और जॉब सिक्योरिटी से छेड़छाड़ बंद करना, फिक्स्ड टर्म इंप्लॉयमेंट व्यवस्था को समाप्त करना तथा श्रमिक विरोधी चार लेबर कोड्स पर पुनर्विचार शामिल है। इसके साथ ही सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
बताया गया कि 12 फरवरी की हड़ताल में कुछ बैंक संगठन पूरी तरह भागीदारी करेंगे, जबकि कुछ संगठनों ने इसे नैतिक समर्थन देने की घोषणा की है। हड़ताल को सफल बनाने के लिए बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन पूरी ताकत से जुटा हुआ है। फेडरेशन से जुड़े बैंक, बीमा और राज्य कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता लगातार बैज, पोस्टर और पर्चों के माध्यम से जागरूकता अभियान चला रहे हैं।
हड़ताल को समर्थन देते हुए ऑटो रिक्शा टेंपो चालक वेलफेयर एसोसिएशन ने भी दो घंटे की प्रतीकात्मक हड़ताल की घोषणा की है। इसके अलावा स्थानीय संगठनों जैसे इंकलाबी मजदूर केंद्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, मार्केट वर्कर्स एसोसिएशन और सेवा निवृत्त शिक्षक कर्मचारी संघ ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। रेलवे मेंस कांग्रेस ने भी बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन को नैतिक सहयोग देने की घोषणा की है।
बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के पदाधिकारियों ने हड़ताल को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा, अध्यक्ष मुकेश सक्सेना, उपाध्यक्ष पी.के. माहेश्वरी, जितेंद्र मिश्रा, ध्यान चंद्र मौर्य, राजेंद्र सिंह, उप महामंत्री गीता शांत, ललित चौधरी, अरविंद देव सेवक, कैलाश, फैसल, रमीज अली, अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी लगातार जनसंपर्क और प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं।




