बरेली ।भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर बरेली जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है । शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ बाबा साहेब को याद किया जा रहा है। शहर के साथ-साथ कस्बों और गांवों में भी लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कई स्थानों पर विचार गोष्ठियां, रैलियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।


शहर में नीले और पंचशील झंडों से सजी सड़कों ने माहौल को खास बना दिया। जगह-जगह जय भीम” के नारों के बीच अनुयायियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अंबेडकर पार्क और अन्य प्रमुख स्थलों पर सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने अंबेडकर पार्क पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके विचारों को समाज के लिए मार्गदर्शक बताया। बरेली के मेयर उमेश गौतम ने भी नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया

खास बात यह रही कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी एक साथ बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी, जिससे सामाजिक समरसता का संदेश देखने को मिला।
जिले में निकाली गई रैलियों में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। प्रशासन ने भी आयोजन को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।



