बरेली। श्रावण माह के तीसरे सोमवार को बरेली में शिवभक्तों के स्वागत और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। जिले के सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा
प्रशासन की ओर से यह पुष्प वर्षा सोमवार सुबह 7:30 बजे पुलिस लाइन से हेलिकॉप्टर के उड़ान भरने के साथ शुरू होगी। हेलिकॉप्टर कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों और नाथ मंदिरों के ऊपर से गुजरते हुए श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा करेगा। इसके साथ ही कछला घाट से आने वाले कांवड़ियों का भी हवाई मार्ग से स्वागत किए जाने की व्यवस्था की गई है।
कांवड़ मार्गों और मंदिरों का होगा हवाई सर्वेक्षण
पुष्प वर्षा के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कांवड़ यात्रा मार्गों तथा नाथ मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे। इस दौरान भीड़ की स्थिति, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही का जायजा लिया जाएगा।
प्रशासन यह भी सुनिश्चित करेगा कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। मंदिर परिसरों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर
तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़ियों के बरेली पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। कांवड़ यात्रा मार्गों के साथ-साथ सातों नाथ मंदिरों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम जलाभिषेक प्रशासन की प्राथमिकता है।



