भमोरा (बरेली)। बरेली-बदायूं हाईवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कैंटर ने जमकर कहर बरपाया। पुठी मोड़ के पास अनियंत्रित कैंटर ने क्रमशः दो मोटरसाइकिलों और आइसक्रीम का ठेला लेकर जा रहे एक किशोर को टक्कर मार दी। हादसे में एक गल्ला व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय मासूम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर भमोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंटर और अन्य क्षतिग्रस्त वाहनों को भी अपने कब्जे में ले लिया है।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान खुली गांव निवासी नारद मुनि मौर्य (46) के रूप में हुई है। वह बाइक से उझानी क्षेत्र में मक्का खरीदने जा रहे थे। पुठी मोड़ के पास सामने से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार में पत्नी गीता देवी और तीन बच्चे हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
इसी दौरान कैंटर ने दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस बाइक पर युसुफपुर निवासी इंतजार खां (45) अपने 10 वर्षीय बेटे विलाल के साथ बदायूं के कबूलपुरा जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।हादसे के बाद भी कैंटर नहीं रुका और आगे बढ़ते हुए सिरोही निवासी मजदूर मनोज के 14 वर्षीय बेटे प्रियांशु को भी टक्कर मार दी। प्रियांशु आइसक्रीम का ठेला लेकर बिक्री के लिए जा रहा था। दुर्घटना में उसके एक हाथ और एक पैर में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कैंटर सड़क किनारे पलट गया। चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
भमोरा थाना प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने बताया कि कैंटर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।




