नामकरण में आया युवक ट्रेन की चपेट में आया, मौके पर मौत

SHARE:

भोजीपुरा। साले के बेटे के नामकरण संस्कार में शामिल होने ससुराल आए दिल्ली निवासी युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा थाना क्षेत्र के ग्राम दभौरा में रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

मृतक की पहचान करन सिंह (23 वर्ष) पुत्र पप्पू, निवासी लाल बिहार, नागलोई दिल्ली के रूप में हुई है। करन सोमवार को अपनी पत्नी सविता के साथ ग्राम दभौरा आया था। यहां उसके साले के बेटे का नामकरण संस्कार था। कार्यक्रम के बाद गुरुवार  दोपहर करीब डेढ़ बजे वह घर से निकला था।

करीब दो बजे काठगोदाम से लखनऊ जा रही ट्रेन संख्या 15044 की चपेट में आने से करन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन जाकिर हुसैन ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक संदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

गेटमैन जाकिर हुसैन ने बताया कि फाटक बंद होने के बाद वह ट्रेन के गुजरने का इंतजार कर रहे थे। उसी समय उन्होंने रेलवे लाइन के किनारे करन को चलते देखा और आवाज भी लगाई, लेकिन तब तक ट्रेन आ चुकी थी। गेटमैन के अनुसार ट्रेन चालक लगातार हॉर्न बजा रहा था। आशंका है कि करन के कानों में हेडफोन लगा हो, हालांकि मौके पर कोई हेडफोन या मोबाइल नहीं मिला।

परिजनों ने बताया कि करन बचपन में ही माता-पिता को खो चुका था और अपने ताऊ के पास दिल्ली में रहकर फर्नीचर का काम करता था। उसकी शादी 24 नवंबर 2024 को ग्राम दभौरा में हुई थी। उसी दिन उसकी बहन पिंकी की भी शादी हुई थी। करन का एक छोटा भाई भी है।हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!