एक झपकी और मच गई चीख-पुकार, रोडवेज बस हाईवे छोड़ खाई में उतरी, छह यात्री घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। सड़क पर दौड़ती एक रोडवेज बस में सवार यात्रियों की सांसें उस समय थम गईं, जब चालक के नियंत्रण खोने से बस अचानक हाईवे से नीचे उतर गई। मीरगंज क्षेत्र में हुए इस हादसे में बस कई पेड़ों को नुकसान पहुंचाते हुए एक बड़े पेड़ से जा भिड़ी। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि छह यात्रियों को चोटें आई हैं।

 

जानकारी के अनुसार मुरादाबाद से बरेली आ रही बरेली डिपो की रोडवेज बस शनिवार दोपहर नल नगरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में चली गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन राहत टीम मौके पर पहुंची। घायल यात्रियों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

मीरगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से चले गए। मामले की जांच की जा रही है तथा रोडवेज अधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बावजूद यातायात प्रभावित नहीं हुआ और क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। फिलहाल किसी भी घायल यात्री की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज