बरेली। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकाला गया। सुबह 10 बजे आयोजित इस प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में बरेली समेत विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बरेली से जिला अध्यक्ष असफाक सकलैनी और महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मार्च में भाग लिया।

कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर पर भाजपा नेताओं और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी को उनका अपमान बताया। खड़गे ने कहा कि संविधान निर्माण में बाबा साहब का योगदान और समानता, न्याय व अधिकारों के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ऐसी टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा की मानसिकता पर सवाल उठाए।
मार्च में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद भी शामिल हुए। इस दौरान प्रशासन ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन पहुंचाया।
पंडित राज शर्मा ने शांतिपूर्ण मार्च रोके जाने और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और बाबा साहब के विचारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में प्रेम प्रकाश अग्रवाल, कृष्णकांत शर्मा, नरेंद्र पाल गंगवार, उल्फत सिंह कठेरिया, अनीस सकलैनी, राम रतन शर्मा, रामदेव पांडे और रमेश श्रीवास्तव समेत कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।



