गुरु नानक जयंती पर बहेड़ी में निकला भव्य नगर कीर्तन, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बहेड़ी। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर बहेड़ी में गुरुवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सिख संगत की ओर से निकाले गए भव्य नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। फूलों से सजी गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी, पंच प्यारों की अगुवाई, गुरुवाणी का पाठ करती महिलाएं और पारंपरिक करतब दिखाते अखाड़ों ने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। रास्तेभर लोगों ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।

सोर्स। न्यूज वॉक्स

गुरु नानक देव जी की जयंती पर गुरु सिंह सभा की ओर से मोहल्ला रामलीला स्थित गुरुद्वारे से नगर कीर्तन की शुरुआत हुई। शोभायात्रा नैनीताल रोड से होते हुए पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुई। नगर कीर्तन में सबसे आगे पंच प्यारे चल रहे थे, जबकि उनके पीछे गुरु ग्रंथ साहिब की सुसज्जित पालकी थी। महिलाएं पालकी के पीछे गुरुवाणी का पाठ करती हुई चल रही थीं। सेवादार पालकी के आगे सड़क की सफाई करते हुए सेवा निभा रहे थे।

फोटो। मुमताज अली

नगर कीर्तन में जनकपुरी गुरुद्वारा बरेली, गुरुद्वारा उत्तमनगर और गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के जत्थों ने भी भाग लिया। विभिन्न अखाड़ों के सदस्यों ने पारंपरिक करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

जगह-जगह लंगर और पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

नगर कीर्तन के दौरान थाने के सामने ब्लॉक प्रमुख एवं विधानसभा की संभावित प्रत्याशी स्नेहलता गंगवार ने लंगर वितरित किया। उन्होंने पंच प्यारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

वहीं, भाजपा नेता एवं चेयरमैन पति बॉबी जायसवाल ने नगर पालिका गेट पर फूल बरसाकर नगर कीर्तन का अभिनंदन किया। तिकोनी दुकान पर अनुज गुप्ता, अंकित गुप्ता, मनोज बजरंगी, राजेश रस्तोगी, धर्मेंद्र रस्तोगी, दीपक दिवाकर, विशाल शर्मा और मयंक गुप्ता समेत अन्य लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

इस अवसर पर गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार निरंजन सिंह, सरदार जोगेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह राजू, सरदार लाभ सिंह, बब्बू संधू, सरदार सतनाम सिंह, लक्की छाबड़ा, परविंदर सिंह, चौधरी आराम सिंह, मोहन सिंह और नरेश चंद्र शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment