किसान भगवान सिंह के परिवार से मिले जितिन प्रसाद, कॉलेज में छात्रों से किया संवाद

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बहेड़ी। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का गुरुवार को बहेड़ी दौरा किसान परिवार और छात्र-छात्राओं से मुलाकात को लेकर चर्चा में रहा। उन्होंने पचपेड़ा गांव पहुंचकर दिवंगत किसान भगवान सिंह के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद गन्ना उत्पादक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को बड़े सपने देखने और संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाने की सीख दी। साथ ही कॉलेज की समस्याओं के समाधान के लिए प्राचार्य को निर्देश दिए।

किसान परिवार को न्याय का भरोसा

केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद पचपेड़ा गांव पहुंचे और किसान भगवान सिंह के शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उनकी बात सुनी। जमीन विवाद के चलते तनाव में आए भगवान सिंह ने छह दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें किसान ने अपनी मौत के लिए कथित तौर पर चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया था। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने वीसी कृष्णपाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

फोटो ।मुमताज अली

जितिन प्रसाद ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराने में मदद का आश्वासन भी दिया। अब परिवार की निगाहें पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

छात्रों से बोले- बड़े सपने देखें और मेहनत करें

इसके बाद केंद्रीय मंत्री गन्ना उत्पादक स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहुंचे। संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि नागरिकों को अधिकारों और कर्तव्यों का बोध कराने वाला मार्गदर्शक है। युवाओं को बड़े लक्ष्य तय करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। संविधान के मूल्यों को अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाना चाहिए।

एआई की पढ़ाई और टीन शेड की उठी मांग

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की कक्षाएं शुरू कराने की मांग रखी। इसके अलावा बारिश में जलभराव की समस्या और बैठने की बेहतर व्यवस्था के लिए टीन शेड बनवाने की मांग भी उठाई। छात्रों की समस्याएं सुनने के बाद जितिन प्रसाद ने प्राचार्य को उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment