बरेली। लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित बड़े बाईपास पर भूड़ा अंडरपास के पास डिवाइडर की झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत काफी खराब थी और उससे दुर्गंध आ रही थी। शुरुआती जांच में शव करीब 15 से 20 दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बड़े बाईपास पर भूड़ा अंडरपास से करीब 100 मीटर की दूरी पर डिवाइडर के बीच घनी झाड़ियों में लोगों ने एक शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही भोजीपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए जांच-पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शव काफी सड़-गल जाने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।



