बरेली। मीरगंज तहसील क्षेत्र के मनकरी गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारतीय किसान यूनियन टिकैत के तहसील अध्यक्ष चौधरी सुधीर बालियान मोबाइल टावर पर चढ़ गए। वह छुट्टा पशुओं, अवैध खनन और ग्रामीण रास्तों की बदहाली समेत किसानों से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर विरोध जता रहे थे। उन्होंने मांगें पूरी होने तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया।

सुधीर बालियान का आरोप है कि मनकरी गांव के पास नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। झुमका तिराहे पर बन रहे रिंग रोड के निर्माण के लिए डंपरों से मिट्टी ले जाई जा रही है। इसके अलावा कुछ स्थानीय लोग भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से खनन कर रहे हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते और गांव को हाईवे से जोड़ने वाली सड़क खराब हो चुकी है। उनका कहना है कि खनन के चलते नदी का रुख भी गांव की तरफ बदल रहा है।

उन्होंने छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि गौशालाएं संचालित होने के बावजूद आवारा पशु किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा कुरतरा गांव में खाद के गड्ढों की जमीन पर कब्जे, श्मशान भूमि में कूड़ा डाले जाने और वगरऊ गांव में खेतों तक जाने वाला रास्ता बंद होने की शिकायत भी उठाई।
किसान नेता के टावर पर चढ़ने की सूचना पर एसडीएम निधि शुक्ला, न्यायिक मजिस्ट्रेट भानु प्रताप सिंह, सीओ हाईवे देवेश सिंह और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी बुला ली गई। इस दौरान भाकियू के जिला और तहसील स्तर के पदाधिकारी भी पहुंच गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान नेता और संगठन के कार्यकर्ताओं से बातचीत कर समस्याओं की जांच कराने तथा समाधान का भरोसा दिया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद सुधीर बालियान टावर से सुरक्षित नीचे उतर आए। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।



