बरेली में भीषण सड़क हादसे से मचा हड़कंप, नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस ट्रक में घुसी,कई घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। धनेटा रेलवे फाटक के पास हिमाचल प्रदेश से नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 20 से 25 यात्रियों के घायल होने की  सूचना सामने आई है।

 

स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक  हादसा मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। बताया यह भी जा रहा है कि रेलवे फाटक बंद होने के चलते ट्रक सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान नेपाल जा रही बस ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में मदद की।

सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस के जरिए मीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खिरका सीएचसी और राजश्री मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। कई घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया है।

मीरगंज सीएचसी में पहुंचे घायलों के नाम

अस्पताल में उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, मीरगंज सीएचसी पहुंचे घायलों में नेपाल निवासी राम बहादुर सुनार पुत्र डम्मर वाल सुनार, सुबरना पुत्री रतना, रोहित पुत्र सुधीप, सुधीप पुत्र तिलवीर, संदेश पुत्र सत्यम, देवेश राज पुत्र शिवराज, अमर बहादुर पुत्र बुद्धि बहादुर, साविल पुत्र वल बहादुर और राम बहादुर पुत्र पिसारी के नाम शामिल हैं।

मौत को लेकर अलग-अलग जानकारी आई सामने

हादसे के संबंध में सीओ देवेश सिंह ने बताया कि बस ट्रक में घुस गई थी। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। सीओ ने घटना में किसी की मौत होने की सूचना से इनकार किया है।उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज