बरेली में दो लाख की लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार; बदमाश और सिपाही घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

भोजीपुरा थाना क्षेत्र में दो लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने महज एक दिन में खुलासा कर दिया। शनिवार को मनहेरा पुलिया के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो लाख रुपये की पूरी रकम बरामद हुई है। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया।

 

पुलिस के मुताबिक, भोजीपुरा क्षेत्र के गांव रतना चुन्नीलाल निवासी उवैश पुत्र खादिम अली 30 अक्टूबर को अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से दो लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। उसने रुपये एक बैग में रखे हुए थे। रास्ते में अलीनगर से खड़ंजे पर एक ट्यूबवेल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया और बैग में रखे दो लाख रुपये लूटकर लाडपुर की ओर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर भोजीपुरा पुलिस ने मुकदमा संख्या 901/2026 दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू की। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थीं।

मनहेरा पुलिया पर पुलिस पर की फायरिंग

31 अक्टूबर को पुलिस टीम मनहेरा पुलिया के पास वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एहसान अली के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान एहसान अली पुत्र जाकिर अली निवासी रामपुर, विनीत गंगवार  शीशगढ़  बरेली और मोनिश अली  भोजीपुरा बरेली के रूप में हुई है।

एक लाख एहसान के पास, दो अन्य से 50-50 हजार मिले

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो लाख रुपये बरामद किए हैं। इनमें एहसान अली के पास से एक लाख रुपये और विनीत गंगवार व मोनिश अली के पास से 50-50 हजार रुपये मिले। इसके अलावा एहसान के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

गोली की रगड़ से सिपाही भी घायल

मुठभेड़ के दौरान पुलिस आरक्षी अंकित कुमार के बाएं बाजू में गोली की रगड़ लगने से चोट आई है। घायल आरोपी एहसान अली और आरक्षी अंकित कुमार को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment