कोर्ट से फरार 25 हजार का इनामी सचिन ठाकुर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिसकर्मी भी घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी सचिन सिंह ठाकुर बुधवार तड़के कोतवाली पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। रेलवे स्टेशन के आगे नॉर्थ कॉलोनी के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में हेड कांस्टेबल रबाब मियां भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हालत स्थिर है।

चार पुलिस टीमों ने शुरू की थी तलाश

पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को जिला कारागार से जिला न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया सचिन ठाकुर न्यायिक अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 528/26 के तहत बीएनएस की धारा 261 और 262 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली, सुभाषनगर, सर्विलांस और एसओजी की चार टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे मुखबिर की सूचना पर टीम ने नॉर्थ कॉलोनी के पास आरोपी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली हेड कांस्टेबल रबाब मियां के बाजू को छूकर निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सचिन के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी सचिन ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पुलिसकर्मी रबाब मियां का भी इलाज चल रहा है और दोनों की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और सचिन ठाकुर को शीघ्र ही दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज