बरेली। मेयर के रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ के बाद घायल महिला की इलाज के दौरान मौत का मामला अब सियासी चर्चा का विषय बन गया है। मामले की जानकारी लेने और पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल बरेली पहुंचा। कांग्रेस नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए न्याय की मांग उठाई।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मृतका के परिवार से मुलाकात की। इससे पहले सभी नेता रामपुर गार्डन स्थित पूर्व मेयर प्रत्याशी डॉ. केबी त्रिपाठी के कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मृतका के घर पहुंचा और उनके पति भगवान सिंह फौजी से बातचीत की।
संजय कपूर ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का दुख साझा करने और उनकी मदद के लिए पहुंची है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ खड़े रहेंगे।
इसके बाद कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता हुई। संजय कपूर ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि बरेली क्लब मैदान की क्षमता की तुलना में वहां बहुत अधिक संख्या में लोग पहुंचे थे। उनका दावा है कि कार्यक्रम में करीब 20 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटी, जिसमें महिलाएं और छोटे बच्चे बड़ी संख्या में शामिल थे।
उन्होंने सवाल किया कि इतनी बड़ी भीड़ जुटने की जानकारी प्रशासन को पहले से क्यों नहीं हुई। भगदड़ के दौरान लोगों के घायल होने और बाद में महिला की मौत के बावजूद जिम्मेदारी तय करने के लिए कार्रवाई न किए जाने पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शासन और प्रशासन से मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. केबी त्रिपाठी, मिर्जा अशफाक सकलैनी, दिनेश दद्दा एडवोकेट, पूर्व विधायक नरेंद्र पाल गंगवार समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।



