बरेली। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा की यौमे पैदाइश के अवसर पर बुधवार को बरेली में जुलूस-ए-मोहम्मदी पारंपरिक उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ निकाला गया। अंजुमन खुद्दाम-ए-रसूल के तत्वावधान में आयोजित जुलूस की अगुवाई दरगाह आला हजरत के प्रमुख हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान सुब्हानी और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी अहसन मियां ने की।

जुलूस से पहले कोहाड़ापीर स्थित मंच पर उलेमा ने पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं, जीवन और उनके बताए इंसानियत व भाईचारे के संदेश पर रोशनी डाली। तिलावत-ए-कुरआन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद नात-ओ-मनकबत पेश की गई।

शाम करीब 5:30 बजे परचम-ए-रिसालत सौंपे जाने के बाद जुलूस रवाना हुआ। कोहाड़ापीर से शुरू होकर जुलूस कुतुबखाना, जिला अस्पताल, कुमार सिनेमा, कोतवाली, दरगाह हजरत पहलवान मियां, नॉवेल्टी चौराहा, राजकीय इंटर कॉलेज, खलील तिराहा, करोलान और बिहारीपुर ढाल होते हुए देर रात दरगाह आला हजरत पहुंचकर समाप्त हुआ।
जुलूस में बड़ी संख्या में अंजुमनों ने हिस्सा लिया। रंग-बिरंगी पोशाक और पगड़ियां पहने लोगों ने नातिया नारों के साथ माहौल को खुशनुमा बना दिया। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया।
उलेमा ने अपने संबोधन में पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं को अमन, समानता और इंसानियत से जोड़ते हुए लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में विशेष दुआ की गई। जुलूस में शामिल लोगों के लिए मिठाई और लंगर का भी इंतजाम किया गया।अंजुमन खुद्दाम-ए-रसूल के पदाधिकारियों ने जुलूस के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
इंजीनियर अनीस अहमद का स्वागत कार्यक्रम
जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद ने नॉवेल्टी चौराहे पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित कर जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल अंजुमनों का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। यहां जुलूस में शामिल अंजुमनों पर फूल बरसाकर स्वागत किया गया।
जुलूस के नॉवेल्टी चौराहे पर पहुंचते ही स्वागत स्थल पर मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने अंजुमनों और उनके सदस्यों का पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया। इस दौरान लोगों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद भी दी गई।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
इस मौके पर इंजीनियर अनीस अहमद ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का अवसर मोहब्बत, इंसानियत और अमन का संदेश देता है। उन्होंने जुलूस में शामिल सभी अंजुमनों और लोगों को त्योहार की मुबारकबाद दी।
नॉवेल्टी चौराहे पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साह और आपसी सद्भाव से भरा नजर आया। अलग-अलग इलाकों से आई अंजुमनों के गुजरने के दौरान लगातार पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।



