मिलाद-उल-नबी पर सर्वधर्म एकता समिति ने पेश की भाईचारे की मिसाल, अंजुमनों का किया स्वागत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। मिलाद-उल-नबी के मुबारक अवसर पर 25 अगस्त को सर्वधर्म एकता समिति की ओर से किला थाना क्षेत्र में स्वागत एवं सेवा शिविर लगाया गया। किला थाना कोतवाली के समीप आयोजित शिविर में विभिन्न स्थानों से मिलाद में शामिल होने पहुंचीं अंजुमनों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के जरिए आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सर्वधर्म एकता का संदेश दिया गया।

 

सोर्स। न्यूज वोक्स

शिविर में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अंजुमनों एवं जायरीनों की सेवा की। इस दौरान लोगों को पानी, कोल्ड ड्रिंक और बिस्कुट वितरित किए गए। अलग-अलग धर्मों से जुड़े समिति के सदस्यों ने मिलकर सेवा व्यवस्था संभाली और पूरे उत्साह के साथ जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में सर्वधर्म एकता समिति के अध्यक्ष मोहम्मद दारा, महासचिव मोनू खान और कोषाध्यक्ष मीसम जैदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपाध्यक्ष अजीम खान, विजय कुमार, देवेश आर्य और रंजीत कुमार ने स्वागत एवं सेवा व्यवस्था में विशेष भूमिका निभाई।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम हैं। सर्वधर्म एकता समिति का प्रयास है कि सभी धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक आयोजनों का सम्मान करें और मिल-जुलकर सामाजिक एकता को मजबूत करें।

इस दौरान समिति की ओर से किला थाना क्षेत्र में जुलूस और अंजुमनों की शांतिपूर्ण निकासी तथा बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए किला थाना प्रभारी और सीओ द्वितीय का आभार व्यक्त किया गया। समिति सदस्यों ने कहा कि प्रशासन और पुलिस की बेहतर व्यवस्था से जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

मिलाद-उल-नबी के अवसर पर आयोजित यह स्वागत एवं सेवा शिविर बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की तस्वीर पेश करता नजर आया। समिति के सदस्यों ने कहा कि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश आगे भी इसी तरह जारी रखा जाएगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज