बरेली। कोहाड़ापीर से निकाले गए जुलूस-ए-मोहम्मदी का नॉवेल्टी चौराहे पर बरेली हज सेवा समिति और जनसेवा टीम की ओर से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। जुलूस के चौराहे पर पहुंचते ही मौजूद लोगों ने फूल बरसाकर अकीदतमंदों का इस्तकबाल किया। इस दौरान माहौल उत्साह और धार्मिक भावनाओं से सराबोर नजर आया।

स्वागत कार्यक्रम में बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक एवं समाजसेवी पम्मी खाँ वारसी ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम ने पूरी दुनिया को अमन, भाईचारे, मोहब्बत और इंसानियत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पैगंबर की शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।
पम्मी खाँ वारसी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पैगंबर-ए-इस्लाम की सुन्नतों और शिक्षाओं से परिचित कराएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को दीनी तालीम के साथ दुनियावी शिक्षा भी दिलाई जानी चाहिए, ताकि वे शिक्षा और संस्कारों के साथ आगे बढ़ सकें।

जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। स्वागत स्थल पर बरेली हज सेवा समिति और जनसेवा टीम के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं संभालीं और जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया।
इस मौके पर हाजी सय्यद असद अली, हाजी कासिमुद्दीन, हाजी साकिब रज़ा खाँ, आसिम हुसैन, अहमद उल्लाह वारसी, डॉ. सीताराम राजपूत, प्रो. शफीकुद्दीन, भूपेंद्र सिंह, निक्की वर्मा और शाहरुख रज़ा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



