बरेली। अग्निवीर भर्ती में मेडिकल जांच में अनफिट हुए अभ्यर्थियों को दोबारा मेडिकल में पास कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को कैंट पुलिस, एसओजी और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को सेना का सेवानिवृत्त हवलदार बताकर अभ्यर्थियों को सेना के अधिकारियों और मेडिकल स्टाफ से संपर्क होने का भरोसा देता था। पुलिस की जांच में आरोपी के पास से फर्जी सैन्य दस्तावेज, नकली मोहर और अभ्यर्थियों से जुड़े कई अहम साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को मिलिट्री इंटेलिजेंस को अग्निवीर भर्ती में फर्जीवाड़े की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कैंट पुलिस, एसओजी और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने बरेली मिलिट्री अस्पताल के पास घेराबंदी की और लखनऊ निवासी 36 वर्षीय राजेश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि राजेश तिवारी अग्निवीर भर्ती में मेडिकल जांच के दौरान अनफिट हुए अभ्यर्थियों को अपने जाल में फंसाता था। वह सेना में अपनी कथित पहुंच का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों को री-मेडिकल में फिट कराने का भरोसा देता था। इसके एवज में उनसे मोटी रकम वसूलने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 155 INF BN (TA) JAK RIF PIN 934355 लिखी फर्जी मोहर, Redmi Note 14 Pro मोबाइल फोन, अभ्यर्थियों का विवरण दर्ज रजिस्टर, रेफरल फार्म, कूटरचित कॉल-अप लेटर और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल की जांच में अभ्यर्थियों से संबंधित फाइलें, व्हाट्सऐप चैट और बैंक लेन-देन से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। इन रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने अभ्यर्थियों को निशाना बनाया और उनसे कितनी रकम ली।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी गजेंद्र सिंह के साथ मिलकर अग्निवीर भर्ती में री-मेडिकल कराने के इच्छुक अभ्यर्थियों को निशाना बनाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 15-16 अभ्यर्थियों से जबलपुर में और दो अन्य अभ्यर्थियों से कई लाख रुपये लेने की बात बताई है।
पुलिस अब आरोपी के साथी गजेंद्र सिंह की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही बैंक खातों में हुए लेन-देन, मोबाइल चैट और बरामद दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के जरिए कथित फर्जीवाड़े के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर थाना कैंट और एसओजी की संयुक्त टीम ने लखनऊ निवासी राजेश तिवारी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पर अग्निवीर भर्ती में अनफिट अभ्यर्थियों को फिट कराने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में थाना कैंट पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


