कलेक्ट्रेट गेट पर हाई वोल्टेज ड्रामा, दो महिलाओं ने आत्मदाह की कोशिश की; पुलिस ने समय रहते बचाया

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बरेली कलेक्ट्रेट गेट पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संपत्ति विवाद से परेशान दो महिलाएं पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचीं और खुद पर पेट्रोल डाल लिया। महिलाओं के इस कदम से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक स्टाफ में हड़कंप मच गया। इससे पहले कि महिलाएं कोई खतरनाक कदम उठातीं, पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़कर स्थिति को संभाल लिया।

मामला कैंट थाना क्षेत्र के मानपुर चिकिटिया गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। महिलाओं की शिकायत के अनुसार, गाटा संख्या-139 की करीब चार बिस्वा जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। आरोप है कि महिला के जेठ ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई।

सोर्स। अजय शर्मा

महिलाओं का कहना है कि उन्होंने मामले को लेकर कई बार शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर वे कलेक्ट्रेट पहुंचीं और आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित हिरासत में लेकर चौकी में बैठाया।

घटना की जानकारी मिलने पर डीएम अविनाश सिंह ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी। डीएम ने सीओ और तहसीलदार सदर को मौके पर जाकर जमीन की वास्तविक स्थिति की जांच करने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं को समझाया और बाद में उन्हें उनके गांव भेज दिया।

डीएम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच संपत्ति विवाद का मामला सिविल कोर्ट में भी विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि यह भी जांच की जा रही है कि महिलाएं आत्मदाह जैसे कदम तक क्यों पहुंचीं और कहीं किसी दबाव या उकसावे का इसमें कोई role तो नहीं था। प्रशासन मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment