सम्मान समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र, ड्रेस कोड और मालाओं से किया गया सम्मानित
बरेली। उत्तर प्रदेश फिटनेस फेडरेशन (रजि.) के तत्वावधान में रविवार को बरेली के मिनी बाईपास स्थित नाइस जिम में प्रदेश कार्यकारिणी गठन एवं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के नए पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र, ड्रेस कोड (टाई) और फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।

सर्वसम्मति से नदीम खान को उत्तर प्रदेश फिटनेस फेडरेशन का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही सुनील भाटिया को महासचिव, राफे खान को सचिव, रोहित तिवारी को उपाध्यक्ष, अमित चौहान को कोषाध्यक्ष, निशार पहलवान को प्रदेश चेयरमैन तथा एडवोकेट अनुराग शर्मा को प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं कानूनी सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद नदीम खान ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रदेश में फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए समय-समय पर खेल प्रतियोगिताएं, फिटनेस कैंप और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करेगा।
कार्यक्रम में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, प्रदेश के प्रत्येक जिले तक इसकी पहुंच बढ़ाने और खेल एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की गई।
इस अवसर पर सोनू कश्यप, आलम सिद्दीकी, मो. कमर, हाजी परवेज़, भीम मनोहर, मुनीर, संभव कुमार दुबे, पंकज सागर, आनंद सागर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को प्रदेश स्तर पर सशक्त बनाने और युवाओं को स्वस्थ एवं जागरूक समाज की ओर प्रेरित करने के संकल्प के साथ हुआ।




