बरेली।भगवान शिव की आराधना और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रसिद्ध **नाथ नगरी बरेली** पूरी तरह भगवामय होने को तैयार है। सावन शुरू होने से पहले ही जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। योगी सरकार ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा है।

इसी क्रम में प्रदेश के पशुधन मंत्री **धर्मपाल सिंह** ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इस बार **बरेली जिले से 7 हजार से अधिक कांवड़ जत्थे** विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना होंगे।
मंत्री ने बताया कि जिलाधिकारी अविनाश सिंह, पुलिस और लोक निर्माण, विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा की विस्तृत समीक्षा की गई है। यात्रा मार्गों पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और ट्रैफिक संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख शिव मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे, जबकि पुलिस बल भी लगातार निगरानी रखेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
नाथ नगरी की धार्मिक पहचान बनाती है कांवड़ यात्रा को खास**
बरेली को नाथ नगरी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि शहर की चारों दिशाओं में भगवान शिव के प्राचीन मंदिर स्थापित हैं, जिनका विशेष आध्यात्मिक महत्व है। सावन के महीने में इन मंदिरों में जलाभिषेक के लिए हजारों शिवभक्त पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से भगवान भोलेनाथ की आराधना करने पर सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही वजह है कि हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली आस्था और भक्ति के रंग में रंग जाता है।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर कांवड़िया सुरक्षित, सम्मानजनक और व्यवस्थित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी करे।
प्रेस वार्ता के दौरान धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कांवड़ यात्रियों पर लाठियां चलाई जाती थीं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज शिवभक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार आस्था के सम्मान और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।



