बरेली। शहर के एक निजी अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के रूप में कार्यरत कुलदीप गोस्वामी की जहर खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए उनके एक वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। वायरल वीडियो में कुलदीप ने अपनी पत्नी, ससुराल पक्ष और सुभाषनगर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही सुसाइड नोट और वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुलदीप ने दावा किया कि करीब दो महीने पहले उनकी शादी गुंजन से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उन्हें महसूस हुआ कि वह एक सुनियोजित षड्यंत्र का शिकार बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के बाद घर से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान गायब होने लगा। उनका कहना था कि एक दिन उन्होंने अपनी पत्नी को 70 हजार रुपये अपनी बहन रीना को देते हुए देखा। पूछने पर पत्नी ने इसे उधार बताकर बात टाल दी।
वीडियो में कुलदीप ने यह भी कहा कि समय बीतने के साथ उन्हें विश्वास हो गया कि घर में हो रही चोरी के पीछे उनकी पत्नी का हाथ है। जब उन्होंने इस बारे में ससुराल पक्ष से बात की तो उल्टा उनके साथ विवाद और मारपीट की गई।कुलदीप ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पत्नी के भाई ने उनके परिवार की एक महिला सदस्य के साथ अशोभनीय व्यवहार किया था।
उनका कहना था कि इस घटना की शिकायत सुभाषनगर थाने में भी की गई, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।वीडियो के अंतिम हिस्से में कुलदीप भावुक दिखाई दिए। उन्होंने अपने बेटे उत्कर्ष के नाम संदेश देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अपने माता-पिता का ख्याल रखने की बात कही। साथ ही दोस्तों से भी बेटे का साथ देने की अपील की।
इस मामले में सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि 4 जुलाई को कुलदीप के पिता की तहरीर पर थाना कैंट में पत्नी और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुलदीप को ससुराल बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई, प्रताड़ित किया गया और झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया गया, जिससे आहत होकर उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें बड़े डाकखाने के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।




