बरेली। पवित्र हज यात्रा पूरी कर सुरक्षित अपने वतन लौटे हाजी हसीन मियां वारसी का मोहल्ला जसौली में स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर मुबारकबाद दी गई और उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की गई।
बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक एवं समाजसेवी पम्मी खां वारसी ने बताया कि इस वर्ष बरेली से हज यात्रा पर गए सभी हाजी सकुशल अपने घर लौट आए हैं। उन्होंने इसे खुशी और संतोष का विषय बताते हुए सभी हाजियों की सलामती पर अल्लाह का शुक्र अदा किया।
हाजी हसीन मियां वारसी, जो अपनी पत्नी सीमा बी के साथ हज यात्रा पर गए थे, ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हज का सफर उनके जीवन का सबसे यादगार और आध्यात्मिक अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि मक्का और मदीना की पवित्र सरजमीं पर इबादत के दौरान उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने भारत में अमन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआएं कीं तथा कामना की कि हर इच्छुक व्यक्ति को हज की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हो।
उनकी वापसी पर क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उनका स्वागत किया। इस दौरान इंजीनियर अनीस अहमद खान, पम्मी खां वारसी, कदीर अहमद, हाजी उवैस खान, हाजी डॉ. कासिमुद्दीन, हाजी सोहेल आफताब, हाजी यासीन कुरैशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने हाजी हसीन मियां वारसी को शुभकामनाएं देते हुए उनके हज की कबूलियत की दुआ की।




