बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को प्रस्तावित बरेली दौरे को लेकर शहर पूरी तरह तैयार है। सुबह से हो रही हल्की बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों ने शहर की तस्वीर बदल दी है। प्रमुख चौराहों, सड़कों और सरकारी भवनों के आसपास मुख्यमंत्री के स्वागत में बड़े-बड़े होर्डिंग, फ्लेक्स और बैनर लगाए गए हैं। इनमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री रामपुर में जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलिकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन पहुंचेंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। पुलिस लाइन से लेकर सर्किट हाउस और त्रिशूल एयरपोर्ट तक सुरक्षा के बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री के पूरे रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान लागू किया गया है।

दौरे की शुरुआत सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निर्माण कार्यों की समीक्षा से होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री बरेली मंडल के चार जिलों—बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं—के मंडलीय अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।
समीक्षा बैठक में स्मार्ट सिटी मिशन की लंबित परियोजनाएं, इज्जतनगर में निर्माणाधीन बस अड्डा, नए रोडवेज बस अड्डों के प्रस्ताव, सड़क एवं यातायात प्रबंधन, नगर विकास से जुड़ी योजनाएं और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार स्मार्ट सिटी परियोजना पर करीब 930 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन कई कार्य अब भी अधूरे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री संबंधित विभागों से परियोजनाओं की प्रगति, देरी के कारण और तय समय में कार्य पूरा करने की रणनीति पर जवाब मांग सकते हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले रामायण वाटिका के लोकार्पण और जीजीआईसी परिसर में स्थापित पंडित राधेश्याम कथावाचक की प्रतिमा के अनावरण की चर्चाएं भी रहीं, लेकिन अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम में इन आयोजनों को शामिल नहीं किया गया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री शाम को त्रिशूल एयरपोर्ट से राजकीय विमान द्वारा लखनऊ रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है और सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। बारिश के बीच सजे बरेली में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह और प्रशासनिक सतर्कता दोनों साफ दिखाई दे रहे हैं।




