बरेली। नगर निगम बरेली ने करदाताओं की सुविधा बढ़ाने और राजस्व संग्रहण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल भुगतान व्यवस्था की शुरुआत की है। नई प्रणाली के तहत अब शहरवासियों को गृहकर, जलकर और अन्य नगर निगम करों के भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नगर निगम ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिजिटल पॉस (POS) मशीनों का वितरण किया है। इसके साथ ही करदाताओं को व्हाट्सएप के माध्यम से कर भुगतान संबंधी सूचनाएं भेजी जाएंगी। इस सुविधा के जरिए लोगों को उनके बकाया कर की जानकारी, भुगतान लिंक और अन्य जरूरी विवरण सीधे मोबाइल पर उपलब्ध होंगे, जिससे वे घर बैठे ही ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत नगर निगम के चारों जोन कार्यालयों में विशेष क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं। करदाता अपने मोबाइल फोन से इन क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे ऑनलाइन भुगतान प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे और कुछ ही मिनटों में अपना टैक्स जमा कर पाएंगे।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि डिजिटल भुगतान प्रणाली को लागू करने के लिए बैंक के साथ समझौता किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य करदाताओं को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी भुगतान सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप अलर्ट और क्यूआर कोड आधारित भुगतान व्यवस्था से टैक्स वसूली की प्रक्रिया तेज होगी और नकद लेनदेन में भी कमी आएगी।
मेयर उमेश गौतम ने कहा कि नगर निगम लगातार डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। नई व्यवस्था से नागरिकों को सुविधा मिलेगी और डिजिटल लेनदेन को भी बढ़ावा मिलेगा।




