बहेड़ी का सरकारी स्कूल बना देशभर में मिसाल, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में हासिल की राष्ट्रीय पहचान

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

सरकारी स्कूलों को लेकर बनी पारंपरिक धारणाओं को बदलते हुए बहेड़ी ब्लॉक का प्राथमिक विद्यालय सहजनी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहा है। स्वच्छ परिसर, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए नवाचारों के दम पर विद्यालय ने देशभर के चुनिंदा स्कूलों में जगह बनाई है। केंद्र सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जारी स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 में विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर 29वीं रैंक प्राप्त हुई है।

 

यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बरेली जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के तहत स्कूलों का मूल्यांकन स्वच्छता, जल संरक्षण, कचरा निस्तारण, हरित वातावरण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता जैसे मानकों पर किया जाता है। इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्राथमिक विद्यालय सहजनी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने विद्यालय की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षकों, छात्रों और ग्राम समुदाय के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। विद्यालय में स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए लगातार कार्य किया गया है।

विद्यालय इससे पहले भी कई सम्मान प्राप्त कर चुका है। वर्ष 2016 और 2017 में इसे राज्य स्तरीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से नवाजा गया था। वहीं वर्ष 2022 में विद्यालय के सराहनीय कार्यों के लिए प्रधानाध्यापक राजीव सिंह और ग्राम प्रधान रघुवीर सिंह पाल को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया था।

प्रधानाध्यापक राजीव सिंह के नेतृत्व में विद्यालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सूखा-गीला कचरा प्रबंधन, हरित परिसर विकास और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा दिया गया है। यही प्रयास आज विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने का आधार बने हैं। विद्यालय की सफलता अन्य सरकारी स्कूलों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज