डीजे का काम कर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर की उठाई मांग

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। डीजे का काम कर घर लौट रहे एक युवक की रास्ते में रोककर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

फोटो। न्यूज वोक्स

 

जानकारी के अनुसार संजय नगर स्थित गोसाई गोटिया निवासी अर्जुन मौर्य डीजे संचालन का कार्य करता था। सोमवार देर रात वह काम खत्म कर अपने घर वापस लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में चार लोगों ने उसे रोक लिया और किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अर्जुन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

सोर्स। न्यूज वोक्स

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

मृतक के पिता राकेश मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। मृतक के पिता राकेश मौर्य ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह अपने बेटे के शव के साथ धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी उठाई है।

एसएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि संजय नगर क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना सामने आई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज