बरेली। शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को बरेली साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी ट्रेडिंग ऐप और वेबसाइट के जरिए निवेशकों को अपने जाल में फंसाता था। जांच में उसके बैंक खातों में पिछले छह महीनों के दौरान करीब 1.20 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन कुमार बेहद आलीशान जीवनशैली जीता था। वह अक्सर अपनी पहचान और ठिकाना बदलता रहता था ताकि जांच एजेंसियां उसकी गतिविधियों तक आसानी से न पहुंच सकें। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे देहरादून के सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
मामले की शुरुआत बरेली निवासी आलोक दुबे की शिकायत से हुई। उन्होंने बताया कि उन्हें एल्गो ट्रेडिंग के जरिए अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया गया। एक लिंक भेजकर मोबाइल में ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया गया और निवेश के लिए प्रेरित किया गया। जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच उन्होंने अलग-अलग किश्तों में करीब 49.43 लाख रुपये जमा कर दिए। बाद में मुनाफा जारी करने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क और कर की मांग की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 31 लाख रुपये होल्ड करा दिए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म संचालित करता था और निवेशकों से प्राप्त रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर डिजिटल वॉलेट में रखता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से धनराशि को नकदी में परिवर्तित किया जाता था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, चेकबुक, बैंक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अन्य राज्यों में भी साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों की जानकारी मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है।




