बरेली। आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के हालात पर चिंता जताते हुए संयुक्त राष्ट्र (यूएनओ) से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीओके में बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर कथित तौर पर पाकिस्तानी फौज द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिससे कई लोगों की मौत हुई है।
मौलाना ने दावा किया कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने यूएनओ के मानवाधिकार संगठनों से क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्थिति का आकलन करने और विश्व समुदाय के सामने वास्तविक हालात रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए तथा वहां की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। मौलाना के अनुसार, लोग अपने अधिकारों और महंगाई के मुद्दे को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने यूएनओ से पीओके की स्थिति पर तत्काल ध्यान देने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।




