नवाबगंज में मोटर वर्कशॉप में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। नवाबगंज कस्बे में गुरुवार देर रात एक मोटर वर्कशॉप में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।

जानकारी के अनुसार रामलीला ग्राउंड और नवाबगंज थाने के सामने स्थित शाहजी मोटर वर्कशॉप में देर रात अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन नवाबगंज से दमकल वाहन और अग्निशमन कर्मियों की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि आग वर्कशॉप के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी और तेजी से फैल रही थी।

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए मोटर फायर इंजन की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर नियंत्रण पाने के दौरान पानी की अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर फायर स्टेशन से लगातार पानी की व्यवस्था की गई। कई चरणों तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

अग्निशमन विभाग ने क्षेत्र का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि कहीं दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे। अभियान पूरा होने के बाद टीम ने स्थानीय लोगों को आवश्यक सुरक्षा संबंधी निर्देश भी दिए।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज