बरेली। ट्रेन में मौलाना तौसीफ की हत्या के मामले में जीआरपी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले का खुलासा मृतक की पत्नी की शिकायत और पुलिस जांच के बाद हुआ।यह घटना 26 अप्रैल 2025 की है, जब मौलाना तौसीफ बरेली से ट्रेन के जरिए अपने घर किशनगंज (बिहार) जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में उनके साथ मारपीट हुई और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

शुरुआत में यह मामला समझ में नहीं आया और इसे ब्लाइंड मर्डर माना गया। पुलिस ने यात्रियों से पूछताछ की और जांच शुरू की। इसी दौरान एक वीडियो क्लिप पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हुई, जिससे आरोपी की पहचान हो गई।मृतक की पत्नी ने इद्दत के दौरान पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और जांच में मदद की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
पुलिस ने जांच के बाद पंकज राजपूत नाम के आरोपी को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मोबाइल चोरी के शक और झगड़े के कारण यह घटना हुई।
जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि यह मामला काफी मुश्किल था और इसे ब्लाइंड मर्डर केस के रूप में देखा जा रहा था। लेकिन टीम ने वीडियो क्लिप, सर्विलांस और तकनीकी जांच की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। उन्होंने कहा कि यह पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है।आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।




