बरेली। बहेड़ी क्षेत्र के नैनीताल रोड स्थित शिमला जनरल स्टोर के सामने गुरुवार सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया जब सड़क किनारे रखे बिजली विभाग के चार ट्रांसफार्मरों में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और चारों ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की तेज लपटें आसपास के क्षेत्र में फैल गईं, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब आठ बजे ट्रांसफार्मरों से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें पास स्थित पीडब्ल्यूडी चौकी परिसर तक पहुंच गईं, जिससे वहां रखा पानी का टैंक, एसी का कंप्रेसर और अन्य सामान भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के चलते बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़े, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
सूचना पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक चारों ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल चुके थे। बिजली विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आपूर्ति बहाली की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कूड़ा जलने या फेंके जाने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं जेई रवि सैनी ने कहा कि यह विभागीय लापरवाही नहीं है, बल्कि बाहरी कारणों से आग लगी है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।



