बरेली। महोबा की दलित छात्रा से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व विधायक संजय कपूर ने शुक्रवार को बरेली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
संजय कपूर ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और दलितों की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने महोबा की दलित छात्रा प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रा का अपहरण कर कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, लेकिन सरकार का कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि पीड़ित परिवार का हाल जानने तक नहीं पहुंचा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय जब पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, तब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद वह पीड़ित परिवार तक पहुंचे और उनका दुख साझा किया। कपूर ने आरोप लगाया कि इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन शुरू करा दिए गए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अजय राय की संपत्ति जांच की मांग केवल राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से की जा रही है। उनके अनुसार कांग्रेस नेताओं का सार्वजनिक जीवन पारदर्शी रहा है, जबकि सरकार अपने नेताओं पर लगे आरोपों को नजरअंदाज कर रही है।
संजय कपूर ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बड़े पूंजीपतियों और निजी कंपनियों को करोड़ों रुपये का फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की जांच कराए, जिससे बीते वर्षों में हुए कथित भ्रष्टाचार की सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि मिड-डे मील, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं और मनरेगा जैसी योजनाओं में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने में जुटी हुई है।




