बरेली। महंगाई, बेरोजगारी और बिजली संकट के विरोध में मंगलवार को बरेली की सड़कों पर समाजवादी पार्टी का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। सपाई बैलगाड़ी पर बाइक लादकर और हाथों में घरेलू गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और बढ़ती कीमतों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।
सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की जेब पर भारी बोझ डाल दिया है। यही वजह है कि विरोध जताने के लिए बाइक को बैलगाड़ी पर रखकर लाया गया। वहीं गैस सिलेंडर हाथ में लेकर कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शन के दौरान सपा युवजनसभा के जिलाध्यक्ष डॉक्टर मोहित भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, किसान बढ़ती लागत से परेशान हैं और बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। सपाइयों ने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था भी लगातार बिगड़ रही है, जिससे आम लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल है।
बाद में सपा नेताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम कम करने, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की गई।



