बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के जाम खजूर गांव में खेत की मेड को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद रविवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी अचानक फायरिंग तक पहुंच गई। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिसके बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच खेत की सीमा और मेड को जोतने को लेकर करीब 10 साल से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत और समझौते की कोशिशें भी हुईं, लेकिन मामला पूरी तरह शांत नहीं हो पाया। रविवार को खेत पर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। पहले बहस हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते फायरिंग होने लगी।
इस घटना में आरिफ, शारिक, वामिक और शारिफ पुत्रगण जिलानी खान घायल हो गए। घायल होने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में दो लोगों को छर्रे लगने की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी तथ्यों की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बहेड़ी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर हालात को नियंत्रण में लिया। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मेड विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हुआ था। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।




