बरेली में एक महिला ने पति और उसके परिजनों पर हिंदू नाम बताकर प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सीबीगंज क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के अनुसार, वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम राज गुप्ता बताया। आरोप है कि युवक ने नौकरी और शादी का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं।
महिला का कहना है कि मार्च 2024 में आरोपी बरेली आया और शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर उसे गुरुग्राम ले जाया गया, जहां दोबारा दुष्कर्म और गर्भपात कराने की कोशिश की गई। बाद में आरोपी ने मंदिर में शादी की, लेकिन कुछ समय बाद संबंधों से इनकार कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी का असली नाम कय्यूम सैफी है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के भाई अकरम सैफी ने गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित फ्लैट पर बुलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और धमकी दी।
महिला ने बताया कि बेटी के जन्म के बाद उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट और प्रताड़ना की गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कय्यूम सैफी, अकरम सैफी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि घटना के संबंध में सीबीगंज थाने पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम को गठित करके भेजा गया है।




