बरेली के थाना सुभाषनगर क्षेत्र में शादी के महज छह महीने बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक युवती ने करीब छह महीने पहले प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट की जाती थी और कुछ दिन पहले उसके हाथ की नस काटने की भी बात सामने आई थी।
मृतका के पिता का आरोप है कि सोमवार रात पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को फंदे पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की खबर भी है, जबकि परिवार के कुछ सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सर इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है ना किसी की गिरफ्तारी हुई है। तहरीर मिलने और पीएम रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शव को पीएम के लिए भेजा गया है।



