भोजीपुरा। थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया चेतराम में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर देवर-भाभी के साथ मारपीट कर दी, जिसमें दोनों घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी समीना और पड़ोस में रहने वाली सुगरा के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोप है कि सुगरा अपने परिजनों के साथ समीना के घर पहुंच गई। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी।
इसी दौरान समीना का देवर इलियास अहमद मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने इलियास और समीना पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान इलियास के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं समीना के साथ भी जमकर मारपीट की गई।
घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के बाद समीना ने भोजीपुरा थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सलीम, मुन्ने, आशिक, असलम, तस्लीम और सुगरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।



