बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र की ग्रीन सिटी कॉलोनी में शनिवार को एक बुजुर्ग चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कन्हैया लाल के रूप में हुई है, जो कॉलोनी में चौकीदारी का काम करते थे। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार सुबह कन्हैया लाल की किसी व्यक्ति से कहासुनी हुई थी। इसके कुछ समय बाद उनका शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सूचना पर सीओ क्राइम, मीरगंज थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने एकत्र किए हैं।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो सकेगी।
मीरगंज थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि ग्रीन सिटी कॉलोनी में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी




