आंधी-तूफान के जख्मों पर राहत का मरहम, नन्हें मियां समेत पीड़ित परिवारों को बांटी गई सहायता राशि

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए शुक्रवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता वितरित की गई। आंवला तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने प्रभावित लोगों को राहत राशि सौंपी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल पहुंचकर आंधी-तूफान में घायल हुए नन्हें मियां का हालचाल भी जाना और इलाज के लिए आर्थिक मदद दी।


बमियाना गांव में आए तेज तूफान के दौरान नन्हें मियां हवा के तेज झोंकों की चपेट में आकर घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को प्रभारी मंत्री अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने नन्हें मियां को इलाज के लिए 11 हजार रुपये की नकद सहायता प्रदान की और अधिकारियों को बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान दैवीय आपदा में जान गंवाने वाली हर्रामपुर निवासी देवकी और बेहटा जूनो निवासी लीपी के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा मकान क्षति से प्रभावित 30 लोगों को कुल 1.62 लाख रुपये और पशुहानि से प्रभावित नौ लोगों को भी सहायता राशि प्रदान की गई।

वहीं ग्राम डरूआपुर में अग्निकांड से गेहूं की फसल नष्ट होने पर 10 किसानों को मुख्यमंत्री खेत-खलिहान दुर्घटना सहायता योजना के तहत कुल 2.29 लाख रुपये की राहत राशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत कई लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये तथा एक दिव्यांग लाभार्थी को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

इस मौके पर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज